बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे का निरीक्षण करते पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव। संवाद
- फोटो : ETAWAH
ताखा (इटावा)। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को सैफई जाते समय कुदरैल के पास बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि अधूरे एक्सप्रेसवे का उद्घाटन कर भाजपा सरकार ने जनता के साथ छल किया है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने परशुरामपुर टोल प्लाजा तक किलोमीटर संख्या 286.5, 288, 291 पर एक्सप्रेसवे के पुलों का निरीक्षण किया। कुदरैल में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाले स्थल पर अखिलेश ने मजदूरों से बात भी की। इसके बाद पत्रकारों से चर्चा में उन्होंने कहा कि 15 हजार करोड़ से बना बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे 15 दिन भी नहीं चल सका। एक्सप्रेसवे इसलिए बनाए जा रहे हैं ताकि किसानों को उनकी उपज की अच्छी कीमत मंडी से मिले। एक्सप्रेसवे के किनारे कारखाना और मंडी नहीं होगी तो रोजगार कैसे मिलेंगे। अभी तक पुलों का निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ और बाबा जी ने अधूरे पड़े बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करा दिया। सरकार को अधूरे काम भी पूरे दिखाई दे रहे हैं। सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की सरकार में न तो किसानों को उपज का उचित मूल्य मिला और न ही युवाओं को रोजगार। सपा सरकार ने प्रदेश को विकास, रोजगार दिया और भाजपा सरकार इसमें नाकाम है। देर शाम सपा अध्यक्ष सैफई आवास पहुंच गए थे।