इटावा। डाकघर के राष्ट्रीय बचत अभिकर्ता करुणाकर त्रिपाठी ने आरडी काउंटर पर कर्मचारी के न होने की वजह से दोपहर तक काउंटर खाली रहने का आरोप लगाया है। बताया कि वह करीब साढ़े दस बजे डाकघर आए तो आरडी कांउटर नंबर चार खाली था। दोपहर करीब एक बजे काउंटर कर्मी आया, कहा कि बिना लिए कोई काम नहीं होगा। आरोप है कि एक हजार रुपये महीना देने की बात कही।अभिकर्ता करुणाकर त्रिपाठी ने बताया कि दो दिन पूर्व भी कोई कार्य नहीं होने पर डाक अधीक्षक से शिकायत की थी, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया। शनिवार का अवकाश होने की वजह से डाक अधीक्षक कार्यालय बंद होने पर शिकायत से प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर को अवगत करा दिया। इस बारे में डाक अधीक्षक चंद्र शेखर का कहना है कि सारे आरोप गलत हैं।
विज्ञापन
पंचायत भवन में लाखों की चोरी
उदी। ग्राम पंचायत संघावली पंचायत भवन भोगीपुरा के ताले तोड़कर गुरुवार रात चोरों ने कंप्यूटर सिस्टम के साथ ही पंखे आदि लाखों का सामान चोरी कर लिया। जसवंतनगर थाना क्षेत्र के बढ़पुरा विकास खंड में स्थित भोगीपुरा पंचायत भवन के पंचायत सचिव संदीप सविता ने बताया कि गुरुवार को वह ताला लगाकर गए थे। शुक्रवार सुबह पंचायत भवन में चोरी की सूचना पर पहुंचकर देखा गया तो भवन के ताले टूटे होने के साथ वहां से कंप्यूटर सिस्टम का सारा सामान, बैटरी, सीसीटीवी कैमरे, इन्वर्टर, डीवीआर के अलावा दो छत के पंखे आदि सभी सामान गायब मिला। बताया कि इस संबंध में थाना जसवंतनगर में लिखित सूचना देने के साथ संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया है।(संवाद)