इटावा। बेटी की शादी के लिए ससुरालियों को रुपये देने जा रहे समाज कल्याण विभाग के कर्मचारी से कार सवारों ने 15 लाख रुपये लूट लिए। कर्मचारी के बेटे ने सिविल लाइन थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
सैफई के गांव नगला अनिया के नरेश चंद्र (50) समाज कल्याण विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। मंगलवार दोपहर अपने गांव से धरवार गांव में अपने अपनी बेटी की होने वाली ससुराल जाने के लिए बाइक से निकले थे। रास्ते में सिविल लाइन थाना क्षेत्र में कटेखेड़ा के पास उनकी बाइक में कार ने पीछे टक्कर मार दी। हादसे में नरेश घायल हो गए। सूचना पर उनके भाई मेंमबर सिंह घटनास्थल पर पहुंच गए। वह घायलावस्था में भाई को लेकर जिला अस्पताल आए। यहां उपचार के बाद शाम को होश में आए नरेश ने 15 लाख रुपये की लूट होने की बात बताई। उनके बेटे मोंटी ने सिविल लाइन थाने में लूट की तहरीर दी है।
जांच पड़ताल करने पहुंची पुलिस को बेटे ने बताया कि 22 जून को बहन की शादी है। तैयारियों को लेकर पिता बहन की ससुराल में 15 लाख रुपये देने के लिए जा रहे थे। रास्ते में वाहन से टक्कर मारकर कार सवारों ने रुपये भरा बैग लूट लिया। एसपी सिटी कपिल देव सिंह ने बताया कि पीड़ित हादसे की सूचना मिली थी। इसके बाद होश में आए पीड़ित ने 15 लाख रुपये ले जाने की बात बताई है। जांच पड़ताल की जा रही है। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।