इटावा। औरंगाबाद जिले के सदर प्रखंड में फेसर थाना के बिगहा में आयोजित यज्ञ के दौरान शुक्रवार को एक आचार्य की मौत हो गई थी। आचार्य के पिता ने वहां के आचार्यों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है।
फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र के एकता कॉलोनी निवासी राजाबाबू ने बताया कि उनका इकलौता बेटा संस्कृत महाविद्यालय बनारस में शास्त्री के कोर्स में प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। वह मामा के बेटे शिवांश और आशू मिश्रा व आठ अन्य आचार्य के साथ औरंगाबाद जिले के सदर प्रखंड में फेसर थाना के बिगहा में आयोजित सात दिवसीय लक्ष्मी नारायण महायज्ञ कराने गया था।
शुक्रवार दोपहर उन्हें बेटे की मौत की सूचना फोन पर भांजे शिवांश से मिली। बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे के करीब किसी बात को लेकर उसको वहीं के आचार्यों ने पीटा था।
इससे उसकी हालत बिगड़ी तो उसे सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित करके शव को वहां से निकलवा दिया। उन्होंने बताया कि उसको इटावा लाने का कोई प्रबंध नहीं किया गया था। उसके शव को दोनों भाई लेकर यहां पहुंचे। वह ऑटो चलाकर घर चलाते हैं। उनकी दो बेटियां हैं।
फ्रेंड्स कॉलोनी इंस्पेक्टर रमेश सिंह ने बताया जिलाधिकारी के आदेश पर पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सूत्रों के अनुसार मृतक के शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं।