इटावा। संयुक्त जिला अस्पताल की इमरजेंसी में रविवार दोपहर एक युवक ने डॉक्टर के ड्यूटी पर मसाला खाने को लेकर हंगामा किया। यह युवक बंदर काटने पर एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवाने आया था। राजस्थान के अशोक मीणा ने डॉक्टर राहुल बाबू पर मसाला खाने का आरोप लगाते हुए इंजेक्शन लगाने से मना करने की बात कही। इस पर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। अशोक ने डायल 112 पर पुलिस बुला ली। पुलिसकर्मियों के डॉक्टर से नरमी से बात करने पर युवक उनसे भी उलझ गया और उन पर डॉक्टर से मिले होने का आरोप लगाया। मोतीझील चौकी प्रभारी सुरेश कुमार ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन शराब के नशे में होने के कारण पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। करीब आधा घंटे तक चले इस हंगामे से मरीजों को परेशानी हुई।