भरथना। क्षेत्र अंतर्गत बाहरपुर गांव में बंदरों की दहशत लगातार बढ़ती जा रही है। बुधवार को बरसात से बचाव के लिए छत पर पन्नी बांधते समय बंदरों के झुंड ने श्रीकृष्ण (50) पर अचानक हमला कर उनके पैर में काट लिया। श्रीकृष्ण के पैर में करीब 10 टांके आए हैं। ग्रामीण दकदीरन ने बताया कि आए दिन बंदर घरों में घुसकर सामान उठा ले जाते हैं। घरों में खाना बनाना तक मुश्किल हो गया है। आसमीन व रामनरेश ने बताया कि बच्चों के स्कूल के कपड़े और अन्य वस्त्र सुखाने के लिए डाले थे, तभी बंदरों का झुंड टूट पड़ा। बंदर बच्चों के कपड़े आदि उठाकर ले गए। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द बंदरों के आतंक से निजात दिलाई जाए, ताकि लोग चैन की सांस ले सकें।