इटावा। शहर का माहौल को बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई के लिए पुलिस ने कसी पेशबंदी की है। चिकन शॉप पर मारपीट, आगजनी व तोड़फोड़ में तीन तरफ से एफआईआर दर्ज की गई है। चिकन शॉप संचालक जमीरुद्दीन निवासी करौल की रिपोर्ट में पुरविया टोला निवासी आशीष पटेल, वाहिद, मोनू तथा चेतन के खिलाफ दुकान पर गाली गलौज करने, मना करने पर तमंचे की बट से मारपीट करने व दोस्त वसीम को पीटकर घायल करने का आरोप लगाया गया है। दूसरी एफआईआर नौरंगाबाद चौकी इंचार्ज पीतम सिंह ने दर्ज कराई। इसमें अज्ञात लोगों पर बाइकों में आग लगाने का आरोप है। इसके अलावा तीसरी एफआईआर तनवीररुल हसन उर्फ मुन्ना ने दर्ज कराई। इसमें आरोप लगाया गया है कि अज्ञात लोगों ने उनकी दुकान में केरोसिन डालकर आग लगाई। दुकान में रखी बैट्री व कई इनवर्टर जलकर राख हो गए। आग लगने से चार लाख का नुकसान होना बताया गया है। मालूम हो कि रविवार की रात चिकन शॉप पर मारपीट की घटना के बाद उपद्रवियों ने शहर का माहौल बिगाड़ने को कोई कसर नहीं छोड़ी थी। अफवाहों के दौर में पुलिस को भी पसीना आ गया था, लेकिन अधिकारियों की सूझबूझ व सतर्कता से हालात पर काबू पा लिया गया ।