इटावा। इंडियन ऑयल कारपोरेशन लिमिटेड के सेवानिवृत कार्यकारी निदेशक उजियारे लाल ने अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी से लोकसभा सीट के लिए नामांकन किया है। चल और अचल संपत्ति के लिहाज से उनकी हैसियत करोड़पतियों में शुमार है। खास बात यह कि जहां प्रत्याशी उजियारे लाल के पास स्टीम और स्कार्पियो जैसी दो लक्जरी गाड़ियां हैं, वहीं उनकी पत्नी मर्सडीज कार की मालकिन हैं। औरैया जिला के ग्राम खेरा थाना अछल्दा निवासी उजियारे लाल का जुड़ाव दिल्ली से रहा है। उनका नाम भी ईस्ट दिल्ली की मतदाता सूची में है। कोई आपरधिक मामला तो उनके खिलाफ नहीं है, लेकिन संपत्ति के मामले में वह पीछे नहीं हैं। दिल्ली के तीन बैंक खातों में ही उनके व उनकी पत्नी के एक करोड़ रुपये के आसपास जमा हैं। करीब 22 लाख रुपये के म्यूचल फंड हैं। ज्वैलरी के अलावा उजियारे लाल के पास एक पुरानी पिस्टल भी है। परिवार समेत उनकी कुल चल संपत्ति का सकल मूल्य करीब एक करोड़ 90 लाख रुपये है।