इटावा। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा कराने के लिए केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया शुरू हो गई हैं। 17-18 फरवरी को प्रस्तावित इस परीक्षा के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से भर्ती बोर्ड को 66 विद्यालयों के नाम भेजे गए थे। बोर्ड ने इन विद्यालयों में से 45 को अनंतिम सूची में शामिल किया है।
परीक्षा केंद्र बनाने के लिए भर्ती बोर्ड ने एक पत्र डीआईओएस को भेजा था। बोर्ड ने अनंतिम सूची में शामिल विद्यालयों के व्यवस्थापकों से सहमति और असहमति पत्र मांगे हैं। विद्यालयों से सहमति पत्र मिलने के बाद केंद्रों का चयन अंतिम रूप से किया जाएगा। अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका ध्यान रखा गया है। परीक्षा केंद्र के दौरान पुलिस के आलाधिकारी लगातार भ्रमण कर जायजा लेते रहेंगे। परीक्षा में साॅल्वर न पहुंच सके, इसके लिए स्थानीय खुफिया विभाग को सक्रिय किया गया है। सर्विलांस टीम भी एक्टिव रहेगी।
-
कोट-
पुलिस भर्ती परीक्षा नकलविहीन कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी जाएगी। परीक्षा केंद्रों के बाहर भारी पुलिस फोर्स तैनात किया जाएगा। भर्ती बोर्ड की गाइड लाइन के आधार पर परीक्षा कराने की तैयारियां है। 17-18 फरवरी को परीक्षा प्रस्तावित है।
- संजय कुमार वर्मा, एसएसपी
-
पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए केंद्र बनाने को लेकर 45 विद्यालयों से सहमति व असहमति पत्र लेकर भर्ती बोर्ड को भेजने की प्रक्रिया चल रही है। बोर्ड की गाइडलाइन का पालन करते हुए परीक्षा कराई जाएगी।
- मनोज कुमार, डीआईओएस