सैफई। गांव नगला पम्मी सोमवार को अचानक लगी आग में चार घर जलकर राख हो गए। घरों में रखी नकदी समेत हजारों का सामान जल गया। थाना पुलिस व फायर ब्रिगेड ने ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया। क्षेत्रीय लेखपाल ने आंकलन रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी है।
ग्राम नगला पम्मी में सोमवार शाम रामविलास के घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग से पड़ोस के रहने वाले अजीत सिंह के घर तक पहुंच गई। उनके घर पर बेटी स्वाति की गोदभराई का कार्यक्रम चल रहा था। आग देखकर खलबली मच गई। घटना में बेटी की गोदभराई के लिए आया सामान, दो भैंस तथा गृहस्थी जल गई।
वहीं आग की चपेट में आकर हुकुम सिंह और सोनू के घर भी आए हैं। इनके घरों में रखी नकदी और गृहस्थी जलने से हजारों रुपये का नुकसान हो गया। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस और दमकल टीम ने काफी देर की मशक्कत के बाद काबू पाया। सूचना पर राजस्व लेखपाल ने भी पहुंचकर नुकसान का आंकलन किया है।
उन्होंने बताया कि मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। हवाई पट्टी पुलिस चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक जगवीर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना पर तुरंत पहुंच गए थे। दमकल टीम का सहयोग करके आग पर काबू पाया है। चार घर चपेट में आए हैं। हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई है।