इटावा जिले में आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देकर लोगों से पैसे ऐंठने वाले गिरोह के पांच शातिरों को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक मोबाइल, 15 हजार रुपये और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि बुधवार को अछल्दा के एक व्यक्ति ने सिविल लाइन थाने में सूचना दी कि कुछ लोग डेटिंग एप के माध्यम से उसे फंसाकर आईटीआई चौराहे के पास स्थित पॉलिटेक्निक के निर्माणधीन भवन में ले गए।
वहां पांच लोगों ने उसे धमकाकर आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 15 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीओ सिटी अमित कुमार के नेतृत्व में टीम को लगाया गया। कुछ देर बाद पुलिस ने पॉलिटेक्निक के निर्मामधीन भवन से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों में शामिल विशाल यादव उर्फ अंश निवासी सुल्तानपुर कलां थाना फ्रेंडस कालोनी ने बताया कि उसने ही पीड़ित को बुलाया था। रुपये वसूलने के लिए उसका आपत्तिजनक वीडियो मोबाइल से बना लिया। बाद में पैसे भी ट्रांसफर कर लिए। विशाल ने बताया कि ये काम उन्हें सुमित यादव उर्फ रोमियो निवासी रणवीर नगर थाना सिविल लाइन ने सिखाया। उसी ने डेटिंग एप से पीड़ित को फंसाकर उन लोगों से यह काम कराया। इस काम में मिली रकम से 10 प्रतिशत सुमित लेता है।
पुलिस ने विशाल यादव, हिमांशु उर्फ धर्मेंद्र सिंह चौहान निवासी रणवीर नगर, राज भदौरिया निवासी शांति कालोनी थाना फ्रेंडस कालोनी, आकाश निवासी गंसरा थाना भरथना हाल पता रणवीर नगर व एक किशोर को गिरफ्तार किया है। सुमित की तलाश की जा रही है। घटना का खुलासा करने वाली टीम में सिविल लाइन थाना प्रभारी विजय बहादुर सिंह, साइबर सेल प्रभारी विनोद यादव, उपनिरीक्षक रामप्रताप सिंह, उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार, सिपाही हरवीर सिंह, निशांत, विवेक दिवाकर, शुभम उपाध्याय, बृजेश गोला व दीपक कुमार शामिल रहे।