इटावा। एटीएम में गोंद लगाकर ठगी करने वाले चार बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके पास से पुलिस ने 34 हजार रुपये, पांच कार्ड, चार फर्जी हेल्पलाइन नंबर के स्टीकर और कार बरामद की है।
रविवार को पुलिस लाइन सभागार में एसएसपी जय प्रकाश सिंह ने मामले का खुलासा किया। बताया कि शुक्रवार को रतन नगर निवासी मनोज कुमार यादव के साथ 40 हजार रुपये की ठगी हो गई थी। सदर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर भरथना चौराहे से शनिवार शाम चार युवकों को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम हाथरस के सिकंदरा राऊ के पोरा गांव निवासी रामकुमार, देवेश, तरुण और दिनेश उर्फ डव्वू उर्फ राम विलास बताया है। आरोपियों के पास से दो तमंचे, दो कारतूस, दो चाकू भी बरामद हुए हैं।
आरोपियों ने बताया कि पहले एटीएम के आसपास फर्जी हेल्पलाइन नंबर का स्टीकर चिपका देते थे। पर्ची पर जो नंबर लिखा होता था उसको एक साथी को देकर एटीएम से थोड़ी दूर पर खड़ा कर देते थे और एटीएम में कार्ड डालने वाली जगह पर गोंद चिपका देते थे।
यूं करते थे ठगी
कोई व्यक्ति जब एटीएम से पैसे निकालने आता था तो बाहर खड़ा गिरोहा का साथी भी एटीएम में घुस जाता था। व्यक्ति मशीन में कार्ड डालकर पैसे तो निकाल लेता, लेकिन गोंद से चिपकने के कारण कार्ड बाहर नहीं निकल पाता था। कार्ड न निकलने पर गिरोह का सदस्य उसका पिन पूछ लेता था और मशीन पर चिपके फर्जी नंबर पर कॉल करने के लिए कहता था। कॉल करने पर साथी फोन पर बातों में फंसा लेता था और इस बीच वहां मौजूद साथी कार्ड को निकालकर भाग जाता था। वह दूसरे एटीमएम से पैसे निकाल लेते थे। मनोज कुमार यादव के साथ भी ठगी इन्हीं आरोपियों ने ही की थी।