जसवंतनगर। कानपुर-इटावा हाईवे पर शनिवार को पुलिस ने कंटेनर ट्रक में लदे 29 सांड़ बरामद किए। सांड़ों को
गोशाला भेज दिया गया। पुलिस ने दो अज्ञात लोगों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया है।
जसवंतनगर पुलिस को हाईवे पर एक कंटेनर ट्रक में गोवंश ले जाने की सूचना मिली। इस पर प्रभारी निरीक्षक अनिल
कुमार ने पुलिस मौके पर भेजा। पुलिस को देखकर कंटेनर ट्रक में बैठे दो लोग खेतों की ओर भाग निकले। कंटेनर में
पैर और मुंह बांधकर सांड़ भरे गए थे। कंटेनर ट्रक में 27 सांड़ एक-दूसरे के ऊपर डाले गए थे। पुलिस ने इसकी
सूचना उच्चाधिकारियों को दी, जिस पर सांड़ों को जैनपुर नागर की गोशाला के रामप्रकाश और मुनेश कुमार के
सुपुर्द कर दिया गया। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि दो अज्ञात लोगों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम
के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। क्षेत्र में करीब 15 दिन पहले जगसौरा रोड पर 29 सांड मृृत पाए गए थे।