इटावा। जिले में शिक्षा के अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत पहले चरण में प्रवेश के साथ ही दूसरे चरण के आवेदन शुरू हो गए हैं। दूसरे चरण के लिए जिले में अभी तक 267 आवेदन आ चुके है। ये आवेदन 30 मार्च तक लिए जाएंगे।
पहले चरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दूसरे चरण में होने वाले प्रवेश को लेकर आवेदन भरे जाने लगे हैं। एक मार्च से शुरू हुए दूसरे चरण के लिए आरटीई योजना के तहत 30 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन होगा। लाॅटरी प्रक्रिया से निकालकर बच्चों को प्रवेश दिलाया जाएगा। जिला समन्वयक सामुदायिक शिक्षा मनोज कुमार सिंह ने बताया कि शासन की महत्वाकांक्षी योजना में शामिल इस योजना में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे जाते हैं। चार चरणों में आवेदन और लाटरी प्रक्रिया होनी है। 30 मार्च तक आवेदन स्वीकार करने के बाद एक अप्रैल से सात अप्रैल तक सत्यापन व लॉक करने की प्रक्रिया होगी। आठ अप्रैल को लाटरी निकाली जाएगी। दूसरे चरण में पात्र पाए गए बच्चों को आठ अप्रैल के बाद तक प्रवेश दिलाया जाएगा। पहले चरण में 201 छात्र पात्र पाए गए थे जिन्हें प्रवेश दिलाने की प्रक्रिया चल रही है। जो छात्र प्रवेश के लिए नहीं पहुंच रहे है उन्हें नोटिस जारी किए जा रहे है।