भरथना। हत्या कर ट्रैक्टर-ट्राली लूटने के मामले में 25 साल से फरार चल रहे वांछित को पुलिस ने दबोच लिया है। पुलिस ने उसे जेल भेजा है।
थाना उपनिरीक्षक भगवान सिंह ने बताया कि सोमवार की दोपहर मुखबिर ने सूचना दी कि हत्या व लूट का वांछित पालीबंबा के पास मौजूद है। उपनिरीक्षक सतेंद्र कुमार ने पुलिस टीम के साथ पालीबंबा के पास घेराबंदी की। गांव नगला ठकुरी निवासी गोरेलाल उर्फ उजागर सिंह पुत्र सूबेदार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए वांछित ने एक व्यक्ति की हत्या कर ट्रैक्टर-ट्राली लूटकांड की घटना को अंजाम दिया था। उसके खिलाफ वर्ष 1983 में मामला दर्ज हुआ था। इसमें वर्ष 1996 में वह जमानत के बाद फरार चल रहा था। एसआई भगवान सिंह ने बताया कि पकड़े गए गोरेलाल को जिला न्यायालय से आजीवन कारावास की सजा भी सुनाई गई थी। इस पर उसने हाईकोर्ट में अपील दायर की थी। गिरफ्तार गोरेलाल ने पूछताछ में बताया कि वह अन्य प्रदेशों में बाबा की वेशभूषा में रह रहा था।