इटावा। जमीन दिलाने के नाम पर महिला से 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
न्यू कालोनी रामनगन निवासी आशा देवी पत्नी राज कुमार ने बताया कि पति लोक निर्माण विभाग में थे और उनकी मौत के बाद फंड का पैसा मिला था। पक्का बाग निवासी भतीजे उमेश चंद्र और उसकी पत्नी पूनम ने लखनऊ में जमीन दिलाने की बात कही थी। भतीजे ने साली राजधानी लखनऊ निवासी सोनी और उसके पति विपिन से मिलवाया था।
सोनी ने लखनऊ बुलाकर खाली प्लाट दिखाया। प्लाट पसंद आने पर जुलाई 2019 में साढ़े 12 लाख रुपये आरटीजीएस किए थे। तीन लाख रुपये नकद दिए थे। आरोपियों ने जनवरी 2021 में प्लाट की रजिस्ट्री करने की बात कही थी लेकिन नहीं की। जब दबाव बनाया तो गालीगलौज करने लगे। फ्रेंड्स कालोनी थाना प्रभारी विवेक चौधरी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर सोनी, विजय लक्ष्मी, विनीत सिंह, दिनेश सिंह और पूनम देवी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है।