एटा। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल ब्रजप्रांत की शौर्य जागरण यात्रा एटा पहुंची। यहां उसका जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। यात्रा का शहर में हाथी गेट, घंटाघर, महारानी लक्ष्मीबाई इंटर कॉलेज, जवाहर लाल नेहरू महाविद्यालय के साथ ही अन्य स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया। तो वहीं कासगंज रोड पर सिरसा टिप्पू ओर मिरहची कस्बे में इस यात्रा का लोगों ने भव्य स्वागत किया।
इसके बाद यह यात्रा जिला पंचायत स्थित हनुमान मंदिर के पीछे पार्क में पहुंची। जहां एक जनसभा का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता गजेंद्र सिंह चौहान ने की। उन्होंने कहा कि हिंदू युवाओं को अपने पूर्वजों के प्रति गौरव का भाव रखना चाहिए। अपने अमर बलिदानियों के जीवन चरित्रों से प्रेरणा लेकर देश के लिए जीवन जीने का संकल्प लेना चाहिए। शौर्य जागरण यात्रा के साथ पहुंचे क्षेत्रीय धर्म प्रसार प्रमुख यशपाल ने कहा कि हम सभी हिंदू धर्म और संस्कृति के प्रति श्रद्धा बनाते हुए उसके वैज्ञानिक महत्व को समझें। सामाजिक समरसता के लिए संकल्प लें तथा दुर्व्यसनों से मुक्त देशभक्ति से युक्त हिंदू युवा आज देश की आवश्यकता है, इसको इन्हें समझना चाहिए। इस दौरान बजरंग दल के प्रांत संयोजक दिग्विजय नाथ तिवारी ने कहा कि हिंदू युवा राष्ट्र के लिए उद्देश्य पूर्ण जीवन जीने का संकल्प लें और स्वावलंबी, स्वाभिमानी, राष्ट्रभक्त बनें।
शौर्य जागरण यात्रा रथ के साथ चल रहे विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री राजेश ने कहा कि देश में राष्ट्र विरोधी और धर्म विरोधी शक्तियां संगठित होकर आतंकवाद, अलगाववाद, जातिवाद, लव जिहाद, धर्मांतरण, गो हत्या, जनसंख्या असंतुलन जैसे अनेक प्रकार के कार्य कर रही हैं। इसके माध्यम से हिंदू समाज पर आक्रमण कर देश को तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन हम इस षड्यंत्र को सफल नहीं होने देंगे। इसलिए सभी युवाओं से कहना है कि राष्ट्र निर्माण के महायज्ञ में अपनी आहुति समर्पित करें।