एटा। अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव डिवइया निवासी एक युवक को बुधवार को पेट में दर्द होने पर उसके बहनोई अलीगंज में एक निजी चिकित्सक क्लीनिक पर लाए। आरोप है कि चिकित्सक ने शाम को इंजेक्शन लगाया। जिससे उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम हाउस पर गांव डिवइया के रघुवीर ने बताया कि उसके 25 वर्षीय पुत्र अजीत को बुधवार को पेट में दर्द की समस्या हुई। दामाद आलोक उसे लेकर अलीगंज के एक क्लीनिक पर गए। जहां चिकित्सक ने उसको ड्रिप लगाकर इलाज शुरू कर दिया गया। शाम को चिकित्सक ने एक इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगते ही उसकी हालत बिगड़ गई। जिसके बाद चिकित्सक ने सरकारी अस्पताल ले जाने की बात कह दी, लेकिन बेटे की मौत क्लीनिक पर ही हो गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि गलत इंजेक्शन लगने से उसके बेटे की मौत हुई है। अलीगंज कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार मीणा ने बताया कि युवक की मौत को लेकर परिजन ने चिकित्सक पर आरोप लगाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।