एटा में बाइकों में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि चार की हालत नाजुक है। एक बाइक में सवार तीन युवक अंतिम संस्कार से घर लौट रहे थे।
उत्तर प्रदेश के एटा में सोमवार की शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में एक की मौत हो गई। जबकि, चार गंभीर रूप से घायल हो गए। खबर मिलने पर परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
विज्ञापन
राजा का रामपुर थाना क्षेत्र के गांव कैला के समीप दो बाइकों में भीषण भिड़ंत हो गई। इसमें पांच युवक छिटककर सड़क पर गिर गए। इससे वह गंभीर रूप घायल हो गए। हादसा देख राहगीर रुक गए। उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गाड़ियों को रास्ते से हटाकर किनारे कराया।
एक बाइक पर अलीगंज थाना क्षेत्र के चमन नगरिया गांव से सूरज, शिवम और गंगू सवार थे। यह किलौली, थाना सुनगढ़ी से अपने रिश्तेदार की मौत होने पर अंतिम संस्कार में शामिल होकर वापस घर लौट रहे थे। इसी समय गिरीश निवासी मोहकमपुर, थाना पटियाली अपने साथी स्वदेश निवासी ग्राम टिमरूआ, थाना पटियाली के साथ फर्रुखाबाद से अपने घर वापस लौट रहा था।
रास्ते में दोनों की बाइक टकराने से सभी गिरकर घायल हो गए। शुभम ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं स्वदेश की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की जानकारी घायलों के परिजन को दे दी गई है। सूचना पाकर परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे।