उत्तर प्रदेश के एटा में सोमवार की शाम करीब 7 बजे पैदल जा रहे दो लोगों को वाहन ने रौंद दिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरे की हालत नाजुक बनी हुई है। इसे आगरा के लिए रेफर किया गया है। हादसा कोतवाली देहात क्षेत्र जीटी रोड स्थित रेलवे पुल के पास हुआ।
पिलुआ थाना क्षेत्र के अरथरा गांव निवासी राम कुमार सिंह (38) की मौत हुई है। शहर के मोहल्ला संगम विहार कालोनी निवासी भवदत्त मिश्रा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। परिजन ने बताया कि राम कुमार, निजी विद्यालय में पढ़ाते हैं। भवदत्त मिश्रा के साथ दोस्ती थी।
दोनों पैदल ही असरौली की तरफ किसी कार्य से जा रहे थे। रेलवे पुल पर तेज रफ्तार वाहन ने रौंद दिया। इसकी वजह से राम कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। दोस्त को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। यहां से आगरा के लिए रेफर कर दिया गया है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस वाहन से हादसा होने का आरोप
परिजन का आरोप है कि पुलिस की नीली रंग की कार ने टक्कर मार है। कार को पुलिस ने चौकी लिप्टन पर खड़ा कर लिया है। हादसा करने वाली कार का नंबर भी तहरीर में दिया है। कार पर यूपी 32डीजी 2291 है। इससे हादसा हुआ है। कार में शराब के बोतल और गिलास भी मिले हैं। इससे लग रहा है कि नशे की हालत में ही दोनों को चालक ने टक्कर मारी है।
कार पहले से पुलिस के पास रही थी। इसको नीलाम किया गया। बाद में किसी अन्य के पास पहुंच गई। इसके बाद हादसा हुआ है। कार कब्जे में ली गई है। पुलिस चौकी पर खड़ी है। मामले की जांच कराई जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन के सुपुर्द कर दिया गया है। -नित्यानंद पांडेय, प्रभारी निरीक्षक-कोतवाली देहात