उत्तर प्रदेश के एटा में बुखार के पीड़ितों को जांच में डेंगू व मलेरिया निकल रहा है। स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड में मलेरिया के अब तक 20 मामले आ चुके हैं। जबकि डेंगू के 10 मामले दर्ज हैं। हालांकि बुखार से एक भी मौत दर्ज नहीं है। वहीं जबकि सात लोगों की मौत बुखार से हो चुकी है।
रविवार को बागवाला थाना क्षेत्र के गांव भटमई निवासी 42 वर्षीय ब्रजेश की मौत बुखार व पेट दर्द से हो गई। मृतक के भतीजे उपेंद्र कुमार ने बताया दो दिन पूर्व चाचा को बुखार आया था। गांव में ही चिकित्सक के यहां दवा दिलवाई थी। शनिवार की देर रात पेट में दर्द हुआ।
उन्होंने बताया कि रविवार को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में लेकर आए। बाद में यहां से अल्ट्रासाउंड कराने गए। इस दौरान हालत बिगड़ गई। दोबारा इमरजेंसी में लेकर पहुंचे चिकित्सक ने मृत बता दिया। वहीं, शनिवार की देर शाम आई रिपोर्ट में नगला ढाक सिरसा टिप्पू निवासी 46 वर्षीय अविनाश कुमार की डेंगू की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
बताया पांच दिन से बुखार आ रहा था। शनिवार को डेंगू-एलाइजा की जांच को सैंपल लिया गया था। उसमें रिपोर्ट पॉजिटिव आई। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में शनिवार की दोपहर 12 बजे से रविवार की दोपहर 1 बजे तक बुखार से पीड़ित आठ मरीज उपचार को पहुंचे। उन्हें भर्ती कर उपचार किया गया।
मौसम में बदलाव के कारण बुखार के मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। जिले में बुखार से किसी की मौत नहीं हुई है, जो भी मौत हुई वह अन्य बीमारी के कारण हुईं हैं। गांव भटमई में युवक की मौत किसी वजह से हुई, इसकी जांच कराई जाएगी।
-डॉ. उमेश त्रिपाठी, सीएमओ