मिरहची। मिशन शक्ति अभियान के तहत कस्बे में मंगलवार को कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उनकी सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूक किया। एएसपी क्राइम ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के प्रति प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन प्रतिबद्ध है, लेकिन फिर भी बालिकाओं और महिलाओं को स्वयं सुरक्षा के प्रति जागरूक बनना होगा।
एएसपी विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि शासन की मंशानुरूप मिशन शक्ति के कार्यक्रम प्रत्येक पंचायत स्तर पर भी आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देकर जागरूक करना है। हर थाने में महिला हेल्प डेस्क की सुविधा है। यहां महिलाएं व बालिकाएं अपनी समस्या को निसंकोच दर्ज करा सकतीं हैं। उनकी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। सीओ सदर सुनील कुमार त्यागी ने कहा कि आज के दौर में सभी लोग तमाम प्रकार के सोशल मीडिया प्लेटफार्म का प्रयोग करते हैं, लेकिन महिलाएं व बालिकाएं इन प्लेटफार्म पर अपनी फोटो और वीडियो शेयर करते समय बेहद सावधानी बरतें।
उन्होंने कहा कि किसी भी एप को डाउनलोड करते समय अपने डाटा की परमीशन देने में भी सावधान रहें। यदि आपकी फोटो या वीडियो को लेकर कोई आपको ब्लैकमेल करे, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। चेयरमैन लक्ष्मी उपाध्याय, प्रभारी निरीक्षक मिरहची सुभाष बाबू कठेरिया, चौकी प्रभारी आदित्य दीक्षित, डाॅ. गोपी चंद्र गुप्ता, संतोष सर्राफ रहे।