अलीगंज/एटा। थाना अलीगंज क्षेत्र के गांव नगला भज्ज में मंगलवार को एक महिला की मौत हो गई। ससुरालीजन चारपाई पर शव को पड़ा छोड़कर फरार हो गए। वहां पहुंचे मायके वालों ने पुलिस को खबर देकर बुला लिया और हत्या करके फरार होने का आरोप लगाया है। सास ससुर व पति सहित चार के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया है।
जिला फर्रुखाबाद थाना नबावगंज क्षेत्र के गांव फतनपुर निवासी सुनील कुमार का आरोप है कि बेटी स्वाति की हत्या गला दबाकर की गई है। पति शिवम, देवर दीपक, सास संगीता और ससुर संतोष कुमार निवासीगण नगला भज्ज को नामजद किया है। बताया कि बेटी की शादी 6 जुलाई 2021 को शिवम के साथ हुई थी। दान दहेज से ससुरालीजन संतुष्ट नहीं थे। इसको लेकर बेटी के साथ मारपीट की जाती थी। 8 माह का बेटा भी है। उसके बाद भी उत्पीड़न बंद नहीं हुआ।
शिवम मोबाइल की दुकान खोलने के लिए रुपयों की मांग करता था। एक हादसे में शिवम के घायल होने पर 50 हजार रुपये इलाज में भी खर्च किए थे। इसके बाद भी बेटी को प्रताड़ित किया जाता रहा। मंगलवार को हत्या करके शव को चारपाई पर छोड़कर सभी लोग फरार हो गए। थाना प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने बताया कि महिला की मौत हुई है, शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।