एटा। जीटी रोड पर अलीगढ़ की ओर चौथा मील के पास बाइक की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई।
कोतवाली देहात क्षेत्र के चौथा मील निवासी मनोज कुमार ने बताया कि मां गीता देवी (59) बुधवार शाम को गांव महाराजपुर में दावत में गई थीं।
वहां से शाम को करीब सात बजे लौटते समय सर्विस रोड पर बाइक की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास के लोगों ने पुलिस व परिजन को हादसे की जानकारी दी। पुलिस व परिजन घायल को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर पहुंचे। यहां से चिकित्सकों ने नाजुक हालत देखते हुए अलीगढ़ रेफर कर दिया। मनोज ने बताया कि रात करीब 11 बजे मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ पहुंचने पर उनकी मौत हो गई। सीओ सिटी कीर्तिका सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में घायल हुई महिला की मौत की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजन को सौंप दिया। संवाद