एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र शिकोहाबाद रोड सद्भावना नगर हाजीपुरा निवासी विनेश कुमार की पत्नी पूजा देवी चार दिन से अपनी ससुराल के बाहर बैठी है। उसका आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर प्रताड़ित कर ससुरालीजनों ने घर से निकाल दिया है। दो पुत्र हैं, इनके साथ जब वह ससुराल में रहने के लिए आई तो घुसने नहीं दे रहे हैं। पति व ससुरालीजन तलाक के लिए दबाव बना रहे हैं।
महिला का आरोप है कि वह चार दिन से भीषण सर्दी में ससुराल के बाहर दरवाजा के सामने बैठी है। लेकिन ससुरालीजन घर में नहीं घुसने दे रहे हैं। जब पुलिस से मदद मांगी तो ससुर सेवानिवृत्त पुलिस कर्मी होने के चलते कार्रवाई नहीं कर रही है। महिला के भाई सुनील ने बताया कि पुलिस कर्मी जबरन घर से हटाने का दबाव बना रहे हैं, उच्चाधिकारियों को यथास्थिति से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने दी जा रही है। कोतवाली नगर प्रभारी निर्दोष सेंगर ने बताया कि मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।