अवागढ़। चुनाव की सरगर्मियां तेज हैं, किसान, नौजवान और व्यापारी के साथ ही हर वर्ग अपनी पसंद का प्रत्याशी चाहता है और उसको ही वोट देने की बात कह रहा है। मंगलवार को किसान नेता पिंटू यादव के आवास पर चुनावी चर्चा हुई। यहां समस्याएं का निराकरण कराने वाले प्रत्याशी को वोट देने की बात कही गई। शिक्षक अमित भारद्वाज ने कहा मैं ऐसे प्रत्याशी को वोट दूंगा जो कि ईमानदार हो और लोगों की समस्याओं का सही ढंग से निस्तारण कराए। शिक्षक रंजीत यादव का कहना था की प्रत्याशी स्वच्छ छवि का होना चाहिए जो पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करे।
किसान नेता पवन ठाकुर का कहना है कि चुनाव के समय नेता बड़े-बड़े वादा करते हैं, लेकिन जीतने के बाद समस्याओं को नजर अंदाज करते हैं। प्रत्याशी होना चाहिए जो गरीब मजदूर और किसानों से जुड़कर चल सके ।
वीरेंद्र सिंह और दिनेश यादव का कहना है की प्रत्याशी ऐसा होना चाहिए जो अपने क्षेत्र की जनता से वादा करें तो उसको पूरा करने वाला होना हो। अभी धरातल पर बहुत विकास की जरूरत है, सड़क सुरक्षा और आम जन समस्याओं को दूर करने वाला हमारा नेता होना चाहिए।
किसान नेता बॉबी ठाकुर और व्यापारी राजकुमार गुप्ता का कहना है चुनाव के समय प्रत्याशी लोग गाय का मुंह लगाकर आते हैं और जीतने के बाद शेर बन जाते हैं। लौटकर 5 सालों तक जनता से कोई सरोकार ही नहीं रखते, नेता लोग चुनाव के समय एक बार पैर छूते हैं और वोट ले जाते हैं फिर वही नेता लोग 5 सालों तक लोगों की कमर तोड़ते हैं।