Etah News: पुलिस ने स्केच की मदद से हत्यारोपी को गिरफ्तार किया
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के एटा में कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित गुरुकुल के पास नौ फरवरी 2023 की सुबह खून से लथपथ विवेक निवासी कुंवरपुर थाना रिजोर का शव मिला था। पुलिस ने चार माह बाद हत्यारोपी को गिरफ्तार कर खुलासा किया है। इसमें हत्यारोपी के बनाए गए स्कैच से मदद मिली।
कंप्यूटर से स्कैच तैयार कराया गया
एसएसपी उदय शंकर सिंह ने पुलिस लाइन सभागार में बताया कि विवेक की हत्या करने वाले रामलखन उर्फ पंडित उर्फ गोविंद निवासी पजापुर थाना निधौली कलां को रविवार की सुबह 10.50 पर गिरफ्तार किया गया है। बताया कि आरोपी मजदूरी करके भरण-पोषण करता है। आरोपी के बारे में स्थानीय लोगों से मदद मिली थी। इसके बाद कंप्यूटर से स्कैच तैयार कराया गया। उसी के आधार पर पुलिस को सफलता मिली है।
शराब और गांजा पीने के आदी है आरोपी
बताया कि मृतक विवेक और आरोपी शराब और गांजा पीने के आदी थे। जनवरी माह से ही दोनों गुरुकुल में बने पुराने औषधालय में साथ रह रहे थे। वारदात वाले दिन आरोपी ने पास में शादी समारोह में चल रही दावत से खाना लाने के लिए कहा था। लेकिन, विवेक ने मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों में मारपीट हुई और आरोपी ने ईंट उठाकर सिर में मार दी। जब उसे लगा कि अब मामला बढ़ जाएगा तो उसका गला भी दबा दिया और फरार हो गया था।