अलीगंज में स्थित पानी की पुरानी टंकी ।संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। अलीगंज नगर पालिका क्षेत्र के बाशिंदों को जल्द ही घरों में शुद्ध पेयजल मुहैया हो सकेगा। जल निगम द्वारा करीब 39 करोड़ रुपये की लागत से पानी की पाइपलाइन बिछाई जाएगी। हर घर जल योजना के तहत घर-घर पानी के कनेक्शन दिए जाएंगे। इसके लिए टैंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद काम शुरू किया जाना है।
जल निगम द्वारा पालिका क्षेत्र में हर घर जल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाकर 7156 घरों में कनेक्शन दिए जाएंगे। जिससे 35 हजार से अधिक लोगों की आबादी को लाभ मिलेगा। वर्तमान में सिर्फ 900 घरों में ही पानी की सप्लाई के लिए कनेक्शन हैं। शेष घरों में पानी के कनेक्शन नहीं हैं। कारण इन इलाकों में अभी तक पाइपलाइन नहीं पड़ी है जिसकी वजह से यह घर जलापूर्ति से अछूते हैं। शासन के निर्देशानुसार पालिका क्षेत्र में करीब 52 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन डाली जाएगी।
बनाए जाएंगें चार टैंक
जल निगम द्वारा नगर पालिका क्षेत्र में पानी के चार टैंक बनाए जाएंगे। इसमें दो ओवरहेड टैंक बनाए जाएंगे। जबकि दो अंडरग्राउंड टैंक होंगे। इसकी गहराई करीब 15 फीट होगी। इसमें पानी को स्टोर कर आपूर्ति दी जाएगी।
1980 के दशक की पड़ी है पुरानी पाइपलाइन
अलीगंज नगर पालिका क्षेत्र में 1980 के दशक में पानी की पाइपलाइन डाली गई थी, जो काफी हद तक जर्जर हो चुकी है। इन लाइनों से तमाम घरों पानी नहीं पहुंच पा रहा है। 1980 के दशक में करीब 900 घरों में ही कनेक्शन दिए गए थे।