एटा। शहर में रेलवे रोड पर रेलवे लाइन के नीचे बने अंडरपास में बरसात का पानी भर गया। इससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अंडरपास में घुटनों से ऊपर तक पानी भरा हुआ है। कई बाइक सवार गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। लेकिन पानी निकलवाने की व्यवस्था नहीं की जा रही है।
रेलवे द्वारा लोगों की सुविधा के लिए रेलवे लाइन के नीचे से अंडरपास बनाया गया है। यह शहर के लोगों को रेलवे रोड से होते हुए कासगंज रोड तक जोड़ता है। लेकिन पिछले दिनों से हो रही बरसात के चलते इस अंडरपास में घुटनों से ऊपर तक पानी भर गया है। जिसकी वजह से पैदल लोग नहीं निकल सकते। वहीं दोपहिया वाहनों को निकालना खतरनाक बना हुआ है।
लोगों का कहना है कि अंडरपास बना दिया लेकिन इसके ऊपर टिन शेड न पड़ने के कारण बरसात का पानी सीधे इसके अंदर आता है। जिसकी वजह से अंडरपास में भारी जलभराव हो गया है। इसे निकाला भी नहीं जा रहा है। पानी को देखकर पैदल लोग तो वहां से निकल ही नहीं पाते हैं। ऐसे में जान को जोखिम में डालकर रेलवे लाइन क्रॉस करते हैं।
अंडरपास में पानी भरने की वजह से पैदल निकलना मुश्किल हो गया है। कई बाइक सवार इसमें गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। - प्रशांत गुप्ता, जीटी रोड
अंडरपास तो बन गया है लेकिन उसके ऊपर टिनशेड अभी तक पूरा नहीं लग पाया है। जिसकी वजह से पानी सीधा अंडरपास में गिरने से जलभराव हो गया है। - अनुराग यादव, नेहरू नगर
आधे से ज्यादा अंडरपास पर टिनशेड लगा दिया गया है। काम तेजी से चल रहा है। दो दिन में पूरा टिनशेड लग जाएगा। साथ ही पंपसेट के जरिए अंडरपास में भरा हुआ पानी निकाला जा रहा है। - धर्मेंद्र कुमार, सीनियर सेक्शन इंजीनियर रेलवे