एटा। मेडिकल कॉलेज में संचालित प्रसव केंद्र को उच्चीकृत कर एमसीएच विंग में स्थापित किया गया है। आधुनिक उपकरणों के साथ ही नवजात शिशुओं के लिए भी व्यवस्थाएं की गई हैं। अब जटिलतम प्रसव चिकित्सक आसानी से करा सकेंगे। वहीं बीमार नवजात शिशुओं के इलाज के लिए वार्मर व फोटोथैरेपी मशीन लगाई गई है।
वीरांगना अवंतीबाई लोधी स्वशासी राज्य मेडिकल कॉलेज स्थित एमसीएच विंग में आधुनिक प्रसव केंद्र संचालित हो गया है। यहां जटिल प्रसव से संबंधित सारी सुविधाएं उपलब्ध होंगी और किसी की जान जाने का खतरा नहीं रहेगा। आधुनिक प्रसव केंद्र में नवजात शिशुओं के लिए भी बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं।
जन्म से ही पीलिया रोग से ग्रसित बच्चों के लिए फोटोथैरेपी मशीन और वार्मर का इंतजाम किया गया है। ऐसे शिशुओं को जन्म के तुरंत बाद फोटोथैरेपी देने से फायदा मिलता है। मीडिया प्रभारी डॉ. विवेक पाराशर ने बताया कि एमसीएच विंग स्थित भू-भाग पर आधुनिक प्रसव केंद्र स्थापित किया गया है। इसका विधिवत उदघाटन जल्द किया जाएगा।
रेडियोलॉजिस्ट ने भी संभाला चार्ज
मेडिकल कॉलेज में स्थायी रूप से कोई रेडियोलॉजिस्ट न होने की वजह से अप्रैल 2022 से मरीजों के अल्ट्रासाउंड नहीं हो पा रहे थे। सीनियर रेजीडेंट के रूप में रेडियोलॉजिस्ट डॉ. उमा मथुरिया ने बृहस्पतिवार को चार्ज संभाल लिया। सोमवार से नियमित अल्ट्रासाउंड शुरू होने की उम्मीद है।