एटा। कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन की नई कमेटी के गठन के लिए चुनाव का एलान किया जा चुका है। 21 जुलाई को मतदान कराया जाएगा। इसके साथ ही अब भावी प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार गति पकड़ने लगा है। परस्पर मुलाकात के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से प्रत्येक मतदाता तक अपनी पहुंच बनाने में जुट गए है।मौजूदा कमेटी द्वारा भले ही अभी मतदाता सूची के प्रकाशन और नामांकन आदि लिए कोई तारीखें निर्धारित नहीं की है। पदाधिकारियों में विचार मंथन चल रहा है। लेकिन मतदान की तारीख की घोषणा होते ही इस चुनाव में अपनी दावेदारी प्रस्तुत करने के इच्छुक अधिवक्ताओं ने प्रयास तेज कर दिए हैं। इस बार सर्वाधिक प्रचार संयुक्त सचिव पद पर हो रहा है। जहां कई अधिवक्ता अपनी जीत का दंभ भरते हुए सभी साथियों का सहयोग मांग रहे है। बहरहाल निर्वाचन प्रक्रिया भले ही अभी शुरू न हुई हो, लेकिन कचहरी का माहौल चुनाव के रंग में रंगने लगा है।