एटा। मौसम बदलने से त्वचा रोग के मरीजों की संख्या में वृद्धि हो गई है। खासतौर पर फंगल इंफेक्शन बढ़ रहा है। इसके अलावा वायरल बुखार के मरीज भी कॉलेज की ओपीडी में अधिक पहुंच रहे हैं। आमतौर पर त्वचा रोग की ओपीडी 90 से 100 तक रहती थी। अब यह बढ़कर 120 से 150 के पार तक पहुंच रही है। वहीं वायरल बुखार के पीड़ित तीन दिन पहले तक 100 से 120 आ रहे थे। इनकी संख्या बढ़कर 200 के करीब पहुंच गई है।शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में 610 पर्चे बने। जहां त्वचा रोगियों की संख्या 156 रही। कॉलेज की सीनियर रेजीडेंट डॉ. प्रीती कुशवाहा ने बताया कि पिछले कुछ दिन से त्वचा रोग के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। इनमें काफी मरीज फंगल इंफेक्शन के हैं। साफ-सफाई पर ध्यान न देने के कारण यह अधिक होता है। जबकि बदलते मौसम में ज्यादा साफ-सफाई की जरूरत होती है।
फिजीशियन डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि इमरजेंसी में प्रतिदिन वायरल बुखार के 10 से 12 केस आ रहे हैं। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. ओमकार ने बताया कि मौसम में बदलाव से वायरल बुखार बच्चों को बीमार कर रहा है। 70 से 80 बच्चे वायरल बुखार के रोगी आ जाते हैं।