उत्तर प्रदेश के एटा जिले में सोमवार की दोपहर नामजद आरोपी को छुड़ाने के लिए ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। हालांकि पुलिस टीम ने आरोपी को छोड़ा नहीं और हालात पर काबू पाया। इसके बाद आरोपी को लेकर थाना पहुंची। इस दौरान किसी को चोट आई है या नहीं पुलिस साफ-साफ कुछ भी बताने से परहेज कर रही है।
घर में घुसकर किया हमला
घटना जैथरा थाना क्षेत्र के कूल्हापुर बुजुर्ग गांव की है। गांव निवासी प्रवेंद्र कुमार ने 10 मार्च को थाना में तहरीर दी थी। तहरीर में बताया कि गांव निवासी सोनू, मनोज, उपेंद्र, भूपेंद्र, अनेक सिंह, राजू उर्फ राजेश, अनिल, मोनू सहित तीन अज्ञात लोगों ने घर में घुसकर हमला बोल दिया।
गाली-गलौज करते हुए की मारपीट
विरोध पर दबंगों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया। सोमवार को नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस गांव पहुंची। पुलिस को आरोपी राजू उर्फ राजेश मिल गया। पुलिस ने उसे पकड़ लिया और साथ लेकर चलने लगी। इसी समय पुरुषों के साथ गांव की महिलाओं ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। उन्होंने पथराव करके राजेश को छुड़ाने की कोशिश की।
आरोपी को भेजा गया जेल
थाना प्रभारी रामेंद्र शुक्ला ने बताया कि नामजद आरोपी राजू उर्फ राजेश को पकड़ लिया गया है। उसे लाते समय गांव कुछ लोगों ने उसको छुड़ाने का प्रयास किया। लेकिन, वह सफल नहीं हुए। आरोपी को अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।