फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Etah News: ग्रामीणों ने पीछा कर पकड़े तीन भैंस चोर, ईंट-पत्थर चलाकर रोकी गाड़ी

Sun, 29 Mar 2026 11:31 PM IST
आगरा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, एटा
विज्ञापन
विज्ञापन
जलेसर (एटा)। क्षेत्र में पशु चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे दिनदहाड़े वारदात को अंजाम दे रहे हैं। रविवार को ग्राम अन्निया में चोरों ने एक किसान की भैंसें चोरी कर भागने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। ईंट-पत्थर चलाकर चोरों की गाड़ी को रुकवा लिया और तीनों आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।तहरीर के अनुसार ग्राम अन्निया निवासी कप्तान सिंह ने रविवार सुबह करीब 7:00 बजे अपनी दो भैंस सड़क किनारे एक पेड़ के नीचे बांधी थीं और खुद खेत पर काम करने चले गए। दोपहर करीब 12:00 बजे गांव की ही एक महिला ने सूचना दी कि कुछ लोग गाड़ी में उनकी भैंस लादकर ले गए हैं। सूचना मिलते ही पीड़ित किसान ने गांव के प्रतिपाल सिंह, राजेंद्र, प्रमोद, हरेंद्र, विवेक, राजकुमार और भूरी सिंह के साथ चोरों की तलाश शुरू की। अन्निया तिराहे पर उन्हें सासनी की तरफ से एक मैक्स पिकअप आती दिखी। ग्रामीणों ने हाथ देकर रोकने का इशारा किया लेकिन चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी।ग्रामीणों ने हिम्मत नहीं हारी और अपनी मोटरसाइकिलों से पिकअप का पीछा किया। नगला धनीराम के पास ग्रामीणों ने ईंट-पत्थर फेंककर बड़ी मुश्किल से मैक्स को रुकवाया। गाड़ी रुकते ही उसमें सवार तीन युवक कूदकर भागने लगे जिन्हें ग्रामीणों ने दौड़कर पकड़ लिया। भागने के प्रयास में तीनों को चोटें भी आईं। पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में अपने नाम इकलाश निवासी बड़ा बाजार जलेसर, आमिर और इश्तकार निवासी मोहल्ला पठानान जलेसर बताए। ग्रामीण तीनों आरोपियों, चोरी की भैंस और घटना में प्रयुक्त गाड़ी को लेकर कोतवाली पहुंचे और तहरीर दी।पीड़ित किसान कप्तान सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस बरामद गाड़ी और भैंसों को कब्जे में लेकर आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें