प्रधान के पति ने हाल ही में सीडीओ, डीपीआरओ से की थी शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
जैथरा। ग्राम पंचायत परौली सुहागपुर के प्रधान पति पर पूर्व में रहे ग्राम विकास अधिकारी ने मुकदमा दर्ज कराया है। हाल ही में प्रधान के पति ने ग्राम विकास अधिकारी के खिलाफ सीडीओ और डीपीआरओ से शिकायत की थी।
गांव परौली सुहागपुर के पूर्व ग्राम विकास अधिकारी विपन कुमार का स्थानांतरण निधौली कलां हो चुका है। दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 5 जुलाई 2023 को वह ग्राम पंचायत भवन परौली पर चार्ज देने के लिए आए थे। आरोप है कि वहां उन्हें ग्राम पंचायत के महत्वपूर्ण रजिस्टर व फाइलें नदारद मिलीं। प्रधान के पति दिनेश यादव से संपर्क किया। दिनेश यादव ने अनैतिक कार्य के लिए अवैध दस्तावेजों पर हस्ताक्षर तथा दो लाख रुपये लेने की बात कही। मेरे मना करने पर जातिसूचक गालियां देने लगे। उनके साथ आए तीन-चार लोगों मारपीट पर आमादा हो गए तथा जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी फूलचंद ने बताया कि प्रार्थनापत्र के आधार पर मुकदमा लिख लिया है। जांच कर कार्रवाई की
जाएगी।
यह था मामला
ग्राम प्रधान के चुनाव के परिणाम का विवाद सर्वोच्च न्यायालय में विचाराधीन है। आए दिन कोई न कोई विवाद दोनों पक्षों में होता रहता है। अब इस जंग में तीसरी भूमिका वीडीओ विपन कुमार की भी शामिल हो गई है। पिछले दिनों ग्राम प्रधान मनोज देवी ने सीडीओ, डीपीआरओ को एक शिकायती पत्र दिया था। जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि रिकाउंटिंग के बाद सात दिन के लिए विपक्षी उर्मिला देवी प्रधान बन गई थीं। सात दिन के कार्यकाल में विपन कुमार व उर्मिला देवी ने सांठगांठ कर नौ लाख रुपये निकाल लिए। इस शिकायत के बाद अब यह नया मामला सामने आया है।
प्रधान के पति दिनेश यादव का कहना है कि विपन कुमार अपने सहयोगियों से फैसले का दबाव बनाने लगा था। 5 जुलाई की घटना मनगढ़ंत है। ग्राम पंचायत भवन की चाबी ग्राम पंचायत सहायक के पास रहती है। विपन कुमार ने कभी अपने ग्राम पंचायत से संबंधित दस्तावेज भवन में रखे ही नहीं थे। मुझ पर फैसले का दबाव बनाने के लिए झूठी रिपोर्ट लिखवाई गई है।