एटा। ऑपरेशन जागृति के तहत सोमवार को शहर में स्थित प्रिंटिस गर्ल्स इंटर कॉलेज में एएसपी और सीओ सिटी ने छात्राओं को जागरूक किया। एएसपी धनंजय सिंह कुशवाहा ने कहा कि पीड़ित महिलाओं और बालिकाओं की काउंसलिंग व रेफरल सुविधा है। ताकि उनको तनाव मुक्त किया जा सके।
सीओ सिटी विक्रांत द्विवेदी ने कहा कि बालिकाओं को साइबर हिंसा और यौन शोषण से बचाव के लिए बड़े स्तर पर जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। छात्राएं अपने अधिकारों को समझें और उनका उपयोग करें। किसी भी हालत में हिंसा को बर्दाश्त न करें। अगर कोई अपराध होता है तो उसकी शिकायत अपने अभिभावकों से करें और बाद में पुलिस में मामला दर्ज कराकर अपराधियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई कराएं।यूनिसेफ के प्रतिनिधि शैलेश प्रताप सिंह, मुकुंद बल्लभ शर्मा, कल्पना जोशी ने भी जानकारी दी। एसआरएस इंटर कॉलेज ग्राम बरई, पूर्व माध्यमिक विद्यालय नयाबांस, ग्राम गोबरा, ग्राम पंचायत करथन, श्रीमती जय देवी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परधानपुर, ग्राम पंचायत दहेलिया पूठ, ग्राम पंचायत पवाह में भी ऑपरेशन जागृति के तहत कार्यक्रम किए गए।