एटा। विश्व हिंदू परिषद के एक पदाधिकारी ने शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र दिया। मिरहची थानाध्यक्ष पर धमकाने और झूठे मुकदमे में फंसाने के आरोप लगाए हैं।
मारहरा प्रखंड गोरक्षा प्रमुख मनोज कुमार उर्फ गुड्डू निवासी गांव चाठी थाना मिरहची ने प्रार्थना पत्र दिया है। बताया कि एक बच्ची से दुष्कर्म की रिपोर्ट एक युवक के विरुद्ध दर्ज कराई गई। इसमें पुलिस ने मेरा नाम शामिल कर दिया। रिपोर्ट दर्ज कराने वाले से मिरहची थाना प्रभारी के संबंध हैं। इसके चलते थाना प्रभारी ऐसा कर रहे हैं। मुझे झूठे केसों में फंसाने, गोरक्षा प्रमुख, विश्व हिंदू परिषद भुलाने जैसी धमकियां देते हैं। कहते हैं कि मेरे प्रशासनिक संबंध काफी अच्छे हैं और ऊपर तक पहुंच है। तुम मेरा कुछ नहीं बिगाड़ पाओगे।
थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर में आरोपी को सह अभियुक्त के रूप में नामजद किया गया था। उसके आधार पर ही कार्रवाई की गई और विवेचना के बाद आरोप पत्र भी दाखिल किया जा चुका है। लगाए गए आरोप निराधार हैं। निष्पक्ष रूप से कार्य किया गया है। महज दस दिन में विवेचना कर आरोप पत्र अदालत में भेजा गया है।