कई दिनों बाद खाद बंटने पर डीएपी पाने के लिए लगी भीड़। संवाद
निधौलीकलां। दस दिनों के बाद बुधवार को सहकारी केंद्रों पर डीएपी के बंटने पर किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी। केंद्रों पर सीमित खाद की बोरियों की आशंका पर किसान डीएपी के लिए मारामारी करने लगे। किसानों के हंगामा किए जाने पर एटा से अधिकारियों ने पहुंचकर डीएपी का वितरण कराया। कस्बे में तीन सहकारी समिति हैं, तीनों समिति पर कई दिन से डीएपी न होने पर किसान रोजाना चक्कर लगा रहे थे। मंगलवार को केंद्रों पर डीएपी पहुंचने की जानकारी पर क्षेत्र के किसान सुबह से केंद्रों पर पहुंच गए। केंद्रों के खुलते ही किसान पहले डीएपी पाने के लिए हंगामा करने लगे। किसानों को आशंका थी कि उनका नंबर आने तक खाद समाप्त न हो जाए। हंगामा की जानकारी पर एटा से एआर सतीश कुमार और एडीसीओ डॉ. दिव्या श्रीवास्तव ने पहुंचकर खाद का वितरण कराया। एआर कॉपरेटिव सतीश कुमार का कहना है कि किसान आवश्यकता के अनुसार खाद लें, डीएपी और यूरिया की कोई कमी नहीं है। अभी तो शुरूआत है, निरंतर खाद का वितरण होता रहेगा। ऑनलाइन व्यवस्था होने के कारण सभी किसानों को नियमानुसार खाद मिलेगी।