जेसीबी के सामने काम रोकने को बैठीं महिलाएं ।संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र के मौजा शिवसिंहपुर में मालगोदाम रोड के पास जवाहर तापीय परियोजना तक रेलवे लाइन के लिए मंगलवार को जमीन का अधिग्रहण किया जाने लगा। मुआवजा दिए बगैर अधिग्रहण करने का आरोप लगा तमाम लोग वहां एकत्रित होकर विरोध और हंगामा करने लगे। महिलाएं जेसीबी के आगे लेट गईं। विरोध को देखते हुए एसडीएम सदर, सीओ सिटी कई थानों के फोर्स के साथ पहुंच गए। सहमति बनने के बाद काम शुरू करा दिया गया।
शहर के मोहल्ला सिंधी कॉलोनी निवासी रामवती देवी अपने पुत्र सुरेंद्र, सतेंद्र और नरेंद्र समेत अन्य महिलाओं के साथ रेलवे गोदाम से आगे बिछाई जा रही लाइन पर पहुंच गईं। यहां जमीन अधिग्रहण का काम मंगलवार को रेलवे के अधिकारियों द्वारा शुरू किया गया। रामवती का आरोप था कि बिना मुआवजा दिए अधिग्रहण किया जा रहा है। यह भी कहा कि जिस गाटा की जमीन अधिग्रहीत की जा रही है, वहां पर प्लॉटिंग हो चुकी है। ऐसे में मुआवजा आबादी की दर से मिलना चाहिए। जबकि रेलवे अधिकारी कृषि भूमि की दर से मुआवजा देने की बात कह रहे हैं। इस बात को लेकर सहमति नहीं बनी तो रामवती सहित कई महिलाएं जेसीबी के आगे लेट गईं।
कोतवाली नगर, कोतवाली देहात, थाना पिलुआ से भी फोर्स बुला लिया गया। एसडीएम सदर शिवकुमार, सीओ सिटी राजकुमार सिंह, तहसीलदार सीपी सिंह भी पहुंच गए। काफी देर तक लोग विरोध करते रहे। बाद में अधिकारियों के समझाने के बाद सहमति बन गई और शाम के समय कार्य शुरू कराया गया। तहसीलदार ने बताया कि महत्वपूर्ण परियोजना के लिए इस भूमि को अनिवार्य अधिग्रहण में डाला गया है। इसका नोटिस पूर्व में दिया जा चुका है। समझाने पर लोग कृषि भूमि के हिसाब से मुआवजे पर सहमत हो गए हैं।