एटा। उप्र बोर्ड परीक्षा 129 मजिस्ट्रेटों की निगरानी में कराई जाएगी। 5 जोनल, 23 सेक्टर और 101 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। व्यवस्थाओं और तैयारियों को लेकर बुधवार को जनेश्वर मिश्र में बैठक की गई। डीएम अंकित कुमार अग्रवाल ने कहा कि सभी मजिस्ट्रेट संबंधित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर एक बार चेक कर लें।
कहीं पर कोई समस्या है तो एडीएम प्रशासन को अवगत कराएं। स्टेटिक मजिस्ट्रेट परीक्षाओं के दौरान अपनी उपस्थिति में ही प्रश्नपत्रों को खुलवाएं। बिना सूचना के कोई स्टेटिक मजिस्ट्रेट केंद्र से अनुपस्थित मिला तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा सकुशल, नकलविहीन होनी चाहिए।
परीक्षाओं की मॉनीटरिंग के लिए राजकीय इंटर कॉलेज एवं कलेक्ट्रेट पर कंट्रोल रूम संचालित रहेंगे।
यदि कोई समस्या है तो सूचित कर सकते हैं। एडीएम प्रशासन आलोक कुमार, एएसपी धनंजय सिंह कुशवाह, एसडीएम अलीगंज मानवेंद्र सिंह, एसडीएम जलेसर रामनयन, एएसडीएम वेदप्रिय आर्य, डीआईओएस मिथलेश कुमार, डीपीआरओ केके सिंह, बीएसए संजय सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।