एटा। यूपीएसई परीक्षा में 293वीं रैंक पाकर शहर के विशाल कुमार ने जिले का मान बढ़ाया है। कठिन परिश्रम को सफलता की कुंजी बताने वाले विशाल बचपन से ही मेधावी रहे। उनका कहना है कि परिश्रम की रोशनी में आर्थिक, सामाजिक एवं पारिवारिक कमजोरियां कोई मायने नहीं रखतीं।
इंटर तक आसिसी कॉन्वेंट स्कूल में पढ़ने वाले विशाल ने आईआईटी दिल्ली से सिविल इंजीनियरिंग किया है। इसके बाद वह दिल्ली में रहकर आईएएस बनने के लक्ष्य को साधने में जुट रहे। उन्हें यह सफलता तीसरे प्रयास में मिली है। शहर के आंबेडकर नगर निवासी विशाल ने बताया कि यह सफलता उन्होंने बिना कोचिंग के प्राप्त की है। तैयारी के लिए उन्होंने टेस्ट सीरीज एवं लाइब्रेरी का सहारा लिया।
वे मन लगाकर की गई आठ से दस घंटे की पढ़ाई को ही पर्याप्त मानते हैं। माता-पिता के आशीर्वाद को अपना हौसला बताने वाले विशाल के बड़े भाई मनोज कुमार आईईएस के रूप में चेन्नई में तैनात हैं। इनके पिता श्रीकृष्ण बिहारी 2009 में वाणिज्य कर विभाग से सेवानिवृत्त हो चुके हैं।