मिरहची के गांव रसूलपुर गढौली में कैंप के दौरान ग्रामीणों का उपचार करते चिकित्सक। संवाद
- फोटो : Samvad
मिरहची (एटा)। गांव रसूलपुर गढौली में बुखार का प्रकोप थम नहीं रहा है। बुधवार की शाम को बुखार पीड़ित एक और वृद्ध की मौत हो गई। इसके साथ ही गत 15 दिन में गांव में मृतकों की संख्या पांच पहुंच गई है। वहीं पड़ोस के गांव तरवरपुर के वृद्ध ने भी बुखार के कारण बुधवार की शाम दम तोड़ दिया।गांव रसूलपुर गढ़ौली में गत एक महीने से बुखार फैला हुआ है। यहां 250 से अधिक लोग बुखार की चपेट में हैं। आधे से ज्यादा आगरा, अलीगढ़, कासगंज के निजी अस्पतालों में उपचार करा रहे है। परिजन के अनुसार उन्हें डेंगू बताया गया। हालांकि स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों में एक भी मरीज को डेंगू की पुष्टि नहीं हुई है। गांव निवासी 65 मेवराम ने बुधवार की शाम अलीगढ़ में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उनके बेटे ओमकार ने बताया कि उन्हें एक सप्ताह से बुखार आ रहा था। गांव में स्वास्थ्य विभाग के कैंप में दिखाने के बाद भी तबीयत में सुधार न होने पर उन्हें पांच दिन पहले अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। बुधवार की शाम को उन्होंने दम तोड़ दिया। गांव में यह पांचवीं मौत है। इससे पहले रसूलपुर गढ़ौली के खूब सिंह, राधा, पवन और बबूल की बुखार और डेंगू से मृत्यु हो चुकी है। वहीं पड़ोस के गांव तरवरपुर निवासी 60 वर्षीय वृद्ध की भी बुखार से मौत हो गई। परिजन के मुताबिक वह क्षय रोग से पीड़ित थे, लेकिन उन्हें चार दिन से बुखार आ रहा था। मिरहची क्षेत्र के गांव रसूलपुर गढ़ौली में बुखार का प्रकोप फैलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डेरा जमा लिया है। बुधवार को चार स्थानों पर गांव में कैंप लगाया गया। इसमें मेडिकल कॉलेज की टीम ने भी मरीजों की जांच की। 125 बीमार लोगों का चेकअप किया गया और इसके बाद दवा वितरित की गई।रसूलपुर गढ़ौली में 15 दिन से बुखार का प्रकोप जारी है। अब तक चार लोगों की मौत बुखार से हो चुकी है। 250 से अधिक बीमार हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी यहां नजर बनाए हुए हैं। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने भी गांव में कैंप लगाकर जांच की। मलेरिया डेंगू की आशंका के चलते 36 मरीजों की जांच कराई है। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घरों में जाकर एंटी लार्वा का छिड़काव कराया। फ्रिज या अन्य स्थान पर जमा पानी का फिंकवाया। बीडीओ ने गांव में सफाई अभियान चलवाया। गांव की नालियाें के साथ-साथ पास के तालाब के आसपास सफाई कराई गई।
-