एटा। थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में दो पीएसी आरक्षियों के बीच मंगलवार को किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। जो धीमे-धीमे हाथापाई में बदल गई। जिसके बाद एक आरक्षी ने दूसरे आरक्षी पर लात घूंसे बरसाना शुरू कर दिए। घायल आरक्षी को अन्य साथी मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। जहां उसका उपचार चल रहा है।43वीं वाहिनी पीएसी के आरक्षी बस में सवार होकर लखनऊ मुख्यालय जा रहे थे। जैसे ही बस बटालियन से निकली इसमें सवार आरक्षी विजयपाल और प्रेमवीर के बीच कहासुनी होने लगी। बात बढ़ी और विवाद होने लगा। इसी बीच विजय पाल ने प्रेमवीर को लात-घूंसों से मारना शुरू कर दिया। अन्य साथियों ने बीचबचाव किया। तब तक प्रेमवीर की नाक से खून बहने लगा। यह देखकर अन्य आरक्षी उसको लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। जहां उपचार चल रहा है। 43वीं वाहिनी पीएसी बटालियन के डिप्टी कमांडेंट कमल किशोर ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। इस प्रकार की कोई घटना हुई है, तो जांच व कार्रवाई की जाएगी।