एटा। कोतवाली देहात क्षेत्र हाईवे स्थित गांव नगला मदिया के पास मंगलवार की रात करीब 8 बजे ट्रक ने बाइक सवार गाजियाबाद के दो युवकों को रौंद दिया। दोनों को मेडिकल कॉलेज लाया गया, यहां फुफेरे भाई की मौत हो गई। जबकि थाना सकीट क्षेत्र में एक सप्ताह पहले घायल हुए युवक ने भी देर रात दम तोड़ दिया है।
जिला गाजियाबाद थाना नंदग्राम क्षेत्र स्थित साहनी कलां नूर नगर निवासी सनी कुमार (22) की मौत हुई है। जबकि घायल ममेरे भाई अंशु उर्फ अंशुल ने बताया कि पहले दोनों बाइक से आगरा घूमने गए थे। यहां से संकिसा जिला फर्रुखाबाद जा रहे थे। गूगल मैप लगाया, उससे रास्ता भटक गए। इसके कारण हाईवे पर होकर जा रहे थे। तभी पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी और दोनों घायल हो गए। यहां से पुलिस मेडिकल कॉलेज लेकर गई, जहां फुफेरे भाई सनी को मृत घोषित कर दिया।
वहीं थाना सकीट क्षेत्र के गांव अंगदपुर के पास 31 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से अशोक कुमार (22) निवासी गांव कवार और साथी लवकुश घायल हो गए थे। अशोक ने मंगलवार की रात करीब 1 बजे मेडिकल काॅलेज में दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिए हैं।