एटा। थाना मलावन क्षेत्र स्थित गांव बावली के पास एक ट्रक ने 108 एंबुलेंस में टक्कर मार दी। इस हादसे में एंबुलेंस क्षतिग्रस्त हो गई और चालक घायल हो गया। जबकि अन्य हादसों में दंपती व जीजा-साले सहित छह लोग घायल हुए हैं।
एंबुलेंस का चालक राहुल कुमार निवासी पहरा थाना बागवाला घायल हुआ है। हादसा बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे बावली नहर मोड़ के पास हुआ। इसमें एंबुलेंस सामने से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कोतवाली देहात क्षेत्र में कासगंज रोड स्थित पीएसी छावनी के पास बुधवार रात बाइकों की भिड़ंत में क्षेत्रपाल सिंह और इसकी पत्नी आशा देवी निवासी गांव बदरिया थाना कोतवाली देहात घायल हुए हैं। महिला को गंभीर हालत में रेफर किया गया है।
थाना रिजोर क्षेत्र में शिकोहाबाद रोड स्थित गांव फफोतू के पास बुधवार की देर शाम हृदेश कुमार निवासी गांव सरनऊ थाना मिरहची और इसका साला विनोद कुमार निवासी नगला डैग थाना मटसैना जिला फिरोजाबाद घायल हो गए। दोनों को मेडिकल कॉलेज से आगरा रेफर कर दिया गया। घायल हृदेश के चाचा जगदीश ने बताया कि दोनों बाइक से सरनऊ आ रहे थे, तभीे कार ने टक्कर मार दी। कोतवाली देहात क्षेत्र में जीटी रोड स्थित गांव मानपुर के पास बाइक पर बैठी निकिता नींद आने पर गिरकर घायल हो गईं। वहीं बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। पति संजय कुमार निवासी चमकरी थाना कोतवाली देहात भी घायल हो गया। घायल दंपती को मेडिकल कॉलेज मेें भर्ती कराया गया है।