निरंतर बढ़ रहे हादसों को लेकर बनाई गई योजना
संवाद न्यूज एजेंसी
एटा। परिवहन विभाग की ओर से हादसों को रोकने के लिए योजना बनाई गई है। जिसके तहत अधिकारी हाईवे व अन्य मार्गाें पर खड़े होकर छोटे-बड़े वाहन चालकों को जागरूक करेंगे। ताकि हादसों में कमी लाई जा सके।
हादसों में लोगों की हो रही मौत से परिवहन विभाग भी चिंतित है। पुलिस के साथ ही अपना दायित्व निभाने के लिए सड़क पर अधिकारी दिखाई देंगे। अब तक पुलिस ही लोगों को जागरूक कर रही थी। अब कंधे से कंधा मिलकर परिवहन विभाग के अधिकारी लोगों को जागरूक कर हादसों में कमी लाने का प्रयास करेंगे। इसके अलावा सड़क सुरक्षा के तहत नियमों के पंपलेट आदि भी दिए जाएंगे। ताकि लोग अमल कर हादसों से बच सकें। आरआई अजय कुमार गुप्ता ने बताया कि सड़कों पर निरंतर हादसे बढ़ रहे हैं।
इसके पीछे की वजह लोगों में जागरूकता की कमी है। इसे दूर करने के लिए परिवहन विभाग चालकों को हाईवे पर रोककर जागरूक करेगा। बताया कि नाबालिग चालकों की वजह से भी हादसे बढ़ रहे हैं। अभिभावकों को समझना होगा कि उनका लाडला नासमझ है तो हादसा हो सकता है। ऐसे में अभिभावक बच्चों को वाहन देने से बचें।