एटा। अंतरजनपदीय स्थानांतरण के बाद भी रिलीव न किए जाने पर शिक्षक भड़क गए। सोमवार रात डीएम आवास पर पहुंचकर हंगामा काटा। बीएसए ने वहां पहुंचकर शिक्षकों को समझाया, तब वह शांत हुए और वापस गए।
रात 9:30 बजे के बाद शिक्षक एकत्रित होकर डीएम आवास पर पहुंचे। जिन्हें अंदर घुसने से रोक दिया गया। जिसके बाद शिक्षक-शिक्षिकाओं ने वहीं हंगामा करना शुरू कर दिया। कहा कि उनका अंतरजनपदीय स्थानांतरण नीति के तहत स्थानांतरण सूची में नाम आ चुका है। इसके बावजूद विभाग से रिलीव नहीं किया जा रहा है। इसके चलते वह अपने तैनाती स्थल पर जाकर चार्ज नहीं ले पा रहे हैं। जबकि गैर जनपदों से यहां स्थानांतरित हुए शिक्षक रिलीव होकर आ भी चुके हैं।
काफी देर तक शिक्षक वहां मौजूद कर्मचारियों से डीएम से मुलाकात कराने के लिए कहते रहे। बाद में बीएसए दिनेश कुमार पहुंचे। उन्होंने शिक्षक-शिक्षिकाओं की समस्या और शिकायतें सुनीं। उचित कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। तब कहीं जाकर शिक्षक-शिक्षिकाएं शांत हुए और अपने घरों के लिए वापस चले गए। बीएसए ने बताया कि शासन के निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए शिक्षक-शिक्षिकाओं की समस्या का निस्तारण कराया जाएगा।