एटा/सकीट/राजा का रामपुर। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में एक बालक सहित तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
पिलुआ थाना क्षेत्र के गांव जयसिंहपुर निवासी कृष्ण गोपाल (4) को परिजन आठ दिन पूर्व उसकी ननिहाल मुड़ई प्रहलादनगर थाना जलेसर लाए थे। गांव में भागवत कथा चल रही है। शुक्रवार को अन्य बच्चों के साथ कृष्ण गोपाल भी वहां जा रहा था। गांव से बाहर निकलते ही एक बाइक ने उसको टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल कृष्ण गोपाल को परिजन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। जहां से आगरा रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान शनिवार की देर शाम उसकी मौत हो गई।
थाना सकीट क्षेत्र के अंतर्गत कस्बा के मोहल्ला खरा निवासी शिवम और अमन की बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दोनों युवक शनिवार की देर रात गांव नगला किशोरी से धान की पौध में पानी लगाकर लौट रहे थे। तभी जहांगीराबाद मार्ग के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में गंभीर रूप से दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज लाया गया। जहां चिकित्सक ने शिवम (18) को मृत घोषित कर दिया। अमन को प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर कर दिया गया।
राजा का रामपुर थाना क्षेत्र के पहरा पुल के पास शनिवार देर रात रिश्ते के चाचा गोविंद को बुलाने अलीगंज जा रहे भतीजे शिव कुमार (21) निवासी ग्राम ककराला थाना पटियाली को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज से सैफई के लिए रेफर कर दिया गया। ले जाते समय युवक ने दम तोड़ दिया। शिव कुमार की एक वर्ष पहले ही शादी हुई थी। माता पिता भी नहीं हैं। परिवार में केवल एक भाई बचा है।