एटा। थाना कोतवाली नगर पुलिस ने बृहस्पतिवार शाम को शहर में टप्पेबाजी व चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनसे 2.10 लाख रुपये, दो तमंचे और बिना नंबर की एक बाइक बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह शहर के आसपास की कॉलोनी, भीड़भाड़ वाले बाजार में घूमकर लोगों को अपनी बातों में उलझाते थे। इसके बाद कीमती सामान, रुपये व गहने आदि की ठगी या चोरी कर लेते थे। पूछताछ में यह भी सामने आया कि पिछले वर्ष दिसंबर महीने में तीनों ने मिलकर कस्बा व थाना अलीगंज में डाकखाने की दीवार काटकर करीब चार लाख रुपए की चोरी की थी।
कोतवाली नगर प्रभारी अरुण पवार ने बताया कि आरिफ, सहमत अली और शाहिद उर्फ बनिया सभी निवासी गांव डोरी थाना नारखी जिला फिरोजाबाद को जीटी रोड स्थित मंडी के पास से पकड़ा गया है। मुख्य आरोपी शाहिद उर्फ बनिया पर एटा सहित आसपास के जिलों में नौ मुकदमे दर्ज हैं।