अलीगंज। तहसीलदार के स्थानांतरण के लिए अधिवक्ता कई बार आंदोलन एवं हड़ताल कर चुके हैं। लेकिन अभी तक तहसीलदार का स्थानांतरण न होने से आक्रोश है। अधिवक्ताओं ने तहसीलदार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को फिर उनके न्यायालय एवं कार्यालय का बहिष्कार करने का एलान किया है।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमोद कुमार मिश्रा ने मुख्यमंत्री को संबोधित मांगपत्र उपजिलाधिकारी वेदप्रिय आर्य को सौंपा। कहा कि तहसीलदार राकेश कुमार भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। कोई भी कार्य बिना सुविधा शुल्क के नहीं करते हैं। नकल खतौनी के लिए बीस रुपये लिए जा रहे हैं। मांग पत्र की प्रति प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, जिला मजिस्ट्रेट, अपर जिला मजिस्ट्रेट, अध्यक्ष राजस्व परिषद को भी भेजी गई हैं। उन्होंने कहा कि तहसीलदार के स्थानांतरण की मांग को लेकर सभी अधिवक्ता 21 सितंबर को तहसीलदार न्यायालय एवं कार्यालय का एक दिवसीय बहिष्कार करेंगे। इसके बाद भी स्थानांतरण नहीं होता है तो आंदोलन किया जाएगा।